भागती घड़ी की सुईयां
ठहरा ठहरा सा समय,
जीवन में उथल-पुथल
पर दिनचर्या सामान्य,
यही तो पहेली है?
आदतन होंठ मुस्काते हैं,
हाल चाल पूछे जाते हैं
पर सही में किसी को कुछ बताया जाता नहीं,
नकली मुस्कानें भेद
मन का हाल जान कोई पाता नहीं!
किसे फुर्सत है?
कौन दूसरों के फटे में टांग अड़ाये,
अपनी परेशानियां कोई कम हैं
जो मुसीबत मोल ली जाए!
गैर नहीं ये अपनों की सोच है,
परिवारवाद का सबसे कठिन समय,
कभी खरबूजे से हम, बाहर से अलग, अंदर से एक थे!
आज संतरे की तरह हम,बाहर से एक,
पर अंदर से अलग विभाजित हैं!
पहेली बन आमने-सामने खड़े हैं
बूझने का समय नहीं!
और एक दिन ये पहेली , पहेली ही रह जाती है,
जीवन पर पूर्ण विराम लग जाता है |
-नमिता दुबे मिशा
