चिथड़ा- चिथड़ा वस्त्र हुए थे, लाखों ही पैबंद लगे।
जीर्ण- शीर्ण हो गये थे इतने, लज्जा को न ढाँप सके।
तन ढकने को वस्त्र नहीं, खाने को कौर नहीं।
तन को बेचने के सिवाय, रस्ता कोई और नहीं।
नहीं चाहती ऐसी दोजख भरी जिंदगी जीना।
मार दिया मेरे पति को,मेरा शील भंग भी कीन्हा।
मैं पापिन कहलाई, जबकि दोष नहीं था मेरा,
मेरे गाँव वालों ने ही, बहिष्कार किया था मेरा।
जिन लोगों ने मेरे दामन में था दाग लगाया,
मुझे सहारा देने का झूठा विश्वास दिलाया,
अस्मत के बदले में भोजन और मकान दिलवाया,
शानो- शौकत का सारा सामान वहाँ जुटवाया।
रिश्ते -नाते छूट चुके थे, कोई नहीं सहारा।
कैसे बदला लूँ, जिन लोगों ने जीवन मेरा उजाड़ा।
न समाज न कोई कानून, सजा ऐसों को देगा।
थिगली लगी जिन्दगी मेरी, कौन सहारा देगा?
सोच-विचार बहुत करके, एक उपाय मुझको सूझा।
उस पर ही मैं अमल करूँगी, अब मैंने यह सोचा।
खुशी- खुशी अब अपने तन का, सौदा स्वयं करूँगी।
सही मूल्य जो देगा मेरा, उसको अवसर दूँगी।
मय के प्याले में रोजाना, थोड़ा गरल भरूँगी।
जिस पौरुष पर गर्व है, मैं वो अंग भंग कर दूँगी।
अपमानों के आँसू पीना, मैंने सीख लिया है।
रोजाना मर मरकर जीना मैंने सीख लिया है।
अच्छा है मरने से पहले कुछ ऐसा कर जाऊँ।
दुराचारियों को थोड़ा सा सबक सिखाकर जाऊँ।
-राधा गोयल,
विकासपुरी,दिल्ली
