महाराष्ट्र व महाराष्ट्र से लगे कुछ तटवर्ती प्रदेशों में मनाया जाता है पोला।
वास्तव में एक कृषक द्वारा बैलों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए ये त्योहार मनाया जाता है।
वर्ष भर किसान बैलों को जोतता है, उनसे तरह-तरह के कृषि संबंधित काम करवाता है, समय-समय पर उन पर चाबुक भी बरसाता है, कभी-कभी हद से ज्यादा बोझा भी मजबूरी में लादता है।
इन्हीं सब कार्यों के चलते बैलों के प्रति स्नेह, सम्मान और उनका आभार प्रकट करने के लिए ये त्योहार मनाया जाता है।
पोले के एक दिन पहले बैलों के कंधों व शरीर में हल्दी लगाकर गर्म घी या तेल से सेका जाता है। जो उनके दर्द को कम कर उन्हें राहत प्रदान करता है और एंटीसेप्टिक हल्दी कीड़े-मकोड़ों और खुजली आदि से राहत दिलाती है।
अगले दिन सुबह बैलों को अच्छी तरह से नहलाया कर विभिन्न प्रकार के रंगों, झंडियों, रिबनों, मोती-माणिक, रंग-बिरंगी घंटियों और रस्सियों से उनका श्रृंगार कर दूल्हे की तरह सजाया जाता है। विशेष कर उनके सींगों को खूब सजाते हैं।
फिर गांव के किसी हनुमान मंदिर या शिव जी के नंदी मंदिर में दर्शन व परिक्रमा कर एक निश्चित चौक पर सभी बैल जोड़ियां एकत्रित होती हैं। उस चौक को बहुत सुंदर ढंग से तोरण से सजाया जाता है जहां पर तोरण तोड़ने की रस्म होती है!
वहां गांव के पाटिल व बुजुर्गों द्वारा पूजा-अर्चना कर यह मेला समाप्त होता है। इस परंपरा को *पोला छूटना कहा जाता
है।*
फिर किसान अपनी-अपनी बैल जोड़ियां लेकर अपने मालिकों या स्वयं के घर जाते हैं। जहां बैलों की पग-धोई और पूजा कर पूरन-पोली और गुड़ खिलाया जाता है। आज के दिन किसानों के घर भी सामर्थ्य अनुसार पकवान आदि बनाए जाते हैं।
ये त्योहार किसानों द्वारा अपने मेहनती पशुओं के सम्मान, उनके प्रति प्रेम व उनकी अच्छी सेहत की देखभाल आदि प्रदर्शित करने का एक पारंपरिक तरीका है जो पूरे उत्साह के साथ हर किसान मनाता है।
तान्हा पोला
पोले के अगले दिन तान्हा पोला मनाया जाता है। जिसमें छोटे बच्चे अपने लकड़ी या धातुओं के बने छोटे-छोटे बैल लेकर एक जगह एकत्र हो जाते हैं। जहां सबकी पूजा कर बच्चों को फल, मिठाई, चाॅकलेट, पैसे आदि देकर बिदा किया जाता है।
फिर बच्चे अपने परिचितों के यहां जाकर अपने बैलों की पूजा करवा कर आशीर्वाद लेते हैं।
इस तरह यह त्योहार हमें मूक प्राणियों के प्रति सम्मान व सुरक्षा की भावना रखने साथ-साथ पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति भी सजग करता है।
-सुषमा अग्रवाल
नागपुर (महाराष्ट्र)
