प्यारी अम्मा गुरु सदा, शब्द ज्ञान संस्कार।
शिक्षा – वाणी में विनय, नेह भाव संचार।।
नेह भाव संचार,पाठ शाला बन जाती।
जीवन अनुभव धर्म, कर्म अच्छे सिखलाती।।
अंतर्मन की ज्योति, मातु वंदन बलिहारी।
कुंभकार जगदीश,परम् गुरु अम्मा प्यारी।।
शिक्षक श्रेष्ठ महान
राधाकृष्णन जी नमन,शिक्षक श्रेष्ठ महान।
भारत के बन राष्ट्रपति, दिया आपने ज्ञान।।
दिया आपने ज्ञान, प्रेरणा भारत सारा।
पहुँचा देश – विदेश,भव्य दर्शन उजियारा।।
आलोकित पथ दिव्य, दूर कर देते बाधा।
प्रेरक प्रेम – प्रकाश,दीप्त गुरु कृष्णनराधा।।
शिष्य एकलव्य
गुरुवर दिव्य प्रतीक हैं, विस्तृत भव्य प्रकाश।
आत्म प्रेरणा दीप्त तब अंधकार का नाश।।
अंधकार का नाश, शिष्य – आलोकित होता।
एकलव्य श्रम साध, लक्ष्य वो कभी न खोता।
प्रतिभाशाली शिष्य,सर्व सुख किया निछावर।
माँग अँगूंठा दान,द्रोण कहलाते गुरुवर।।
-अमिता रवि दुबे
