प्रश्न पूछने की आदत क्यों जरूरी है?

विकास की नींव है—जिज्ञासा और उसकी पुष्टि। आदिमानव से लेकर आज के तकनीकी मानव तक की यात्रा में प्रश्नों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। “ऐसा क्यों है?”, “ऐसा क्यों नहीं?”, “अगर ऐसा करें तो क्या होगा?”—मनुष्य के ऐसे ही प्रश्नों और उनके संतुष्ट करने वाले उत्तरों ने प्रगति के मार्ग प्रशस्त किए हैं। प्रकृति को समझने की जिज्ञासा से लेकर विज्ञान और तकनीक के नए आविष्कारों तक, हर कदम के पीछे किसी न किसी प्रश्न ने जन्म लिया है।

प्रश्न करना अज्ञान का परिचायक नहीं, बल्कि सीखने की इच्छा का संकेत है। जो व्यक्ति प्रश्न करता है, वह किसी बात को केवल सुनकर स्वीकार नहीं करता, बल्कि उसे समझना और उसके पीछे छिपे कारण को जानना चाहता है। यही आदत व्यक्ति में तर्क, विवेक और सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करती है। प्रश्न हमें सुनी-सुनाई बातों को आँख मूँदकर स्वीकार करने के बजाय उन्हें समझने और परखने की प्रेरणा देते हैं।

एक नवजात शिशु जब धीरे-धीरे बड़ा होता है, तो उसकी जिज्ञासाएँ उसके व्यक्तित्व को आकार देने लगती हैं। वह क्या पूछता है, किस विषय को जानने में उसकी अधिक रुचि है और किन प्रश्नों के उत्तर खोजने में वह उत्सुक रहता है—इनसे उसके रुझान और भविष्य की दिशा को समझने में सहायता मिलती है। इसलिए बच्चों के प्रश्नों को दबाने के बजाय उन्हें सही दिशा देना आवश्यक है।

प्रश्न केवल दूसरों से ही नहीं, स्वयं से भी किए जाने चाहिए—“मैं ऐसा क्यों कर रहा हूँ?”, “क्या यह सही है?”, “मुझे क्या बदलना चाहिए?” ऐसे आत्मप्रश्न व्यक्ति को आत्ममंथन का अवसर देते हैं और उसे अपने निर्णयों के प्रति अधिक सजग बनाते हैं।

इसलिए प्रश्न पूछने की आदत को संकोच या कमजोरी नहीं समझना चाहिए। प्रश्नों से जन्मी जिज्ञासा ज्ञान का द्वार खोलती है, ज्ञान से विवेक विकसित होता है और विवेक विकास को सही दिशा देता है। वास्तव में, सही प्रश्न पूछने की आदत ही हमें केवल उत्तर पाने वाला नहीं, बल्कि उत्तर खोजने वाला मनुष्य बनाती है।

-सोनम लड़ीवाला
जयपुर (राजस्थान)

[post-views]

एक उत्तर छोड़ें

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।
संपर्क करें
antrashabdshakti @gmail.com
Call- 9009423393
WhatsApp-9009465259
antrashabtshakti.com

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।

संपर्क में रहिए

संपर्क करने में संकोच न करें। बस यहाँ कॉन्टैक्ट फ़ॉर्म भरें और हम जल्द से जल्द जवाब देंगे।

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x