जन्म जयंती विशेष…
प्रेमचंद की लेखनी,समरस ज्यों आदित्य।
अद्भुत जीवन – सादगी, आलोकित साहित्य।।
मुंशी – प्रेमचंद बने,धनपत राय महान।
दो नामों से जुड़ गए, लेखन कर्म – विधान।।
अनगिन रचना लिख दिए, दर्पण दिखता आज।
कालजयी रचना रचे, मिलता सर्व समाज।।
सहे वेदना पीर वो, अंतस के संत्रास।
नहीं प्रकाशन लालसा,प्रबल रहा विश्वास।।
समय बदलता करवटें, वरद शारदे ज्ञान।
सर्व जगत कल्याण के, प्रेमचंद पहचान।।
मिलते सेवा सदन में, पावन है गोदान।
निष्ठा सच्ची निर्मला, जीवन का सम्मान।।
मंदिर – मस्जिद विडंबना, और दूध का दाम ।
ईदगाह – संवेदना, कफ़न पीर की शाम।।
जीवित आज समाज में, रूपा बुद्धिराम।
मानवता के तीर्थ में, बूढ़ी काकी धाम।।
कलम धनी सम्राट की, दृष्टि -सृष्टि उपन्यास।
मानसरोवर प्रेरणा,रात पूस की आस।।
बाल कहानी शायरी, सृजन सत्य ही कर्म।
भूख – गरीबी प्रेम के,धर्म आँकते मर्म।।
ईदगाह है भावना, बाल रूप का प्रेम।
वर्तमान चिंतन यही,हेम बने सुख क्षेम।।
मानवता यथार्थ लिखे, शोषण अत्याचार।
गबन – झूठ ठाकुर कुँआ, पाठक करे विचार।।
हिंदी उर्दू फारसी, युग गाथा के नाम।
प्रेमचंद की जयंती, गौरव पंथ प्रणाम।।
-अमिता रवि दुबे
