गाँव के किनारे एक छोटा सा टुकड़ा जमीन थी। न ज्यादा बड़ी, न ज्यादा उपजाऊ। चारों तरफ कंटीली झाड़ियाँ और बीच में दो-तीन पीपल के पेड़।
गाँव वाले उसे “बंजर टुकड़ा” कहते थे।
सरपंच बोले – “इसका क्या करेंगे? न खेती, न मकान।”
बच्चे वहाँ कंचे खेलते, बूढ़े शाम को सुस्ताते।
उसी गाँव में रमुआ रहता था। रमुआ के पास कुछ नहीं था। न घर, न खेत। बस मेहनत और एक सपना।
एक दिन रमुआ सरपंच के पास गया।
“सरपंच जी, वो बंजर टुकड़ा मुझे दे दो। लगान भी नहीं माँगूंगा।”
सब हँसे। “क्या करेगा? पत्थर उगाएगा क्या?”
रमुआ हँसकर बोला – “पत्थर नहीं, उम्मीद उगाऊँगा।”
अगले दिन से रमुआ जुट गया।
पहले झाड़ियाँ साफ कीं। फिर मिट्टी पलटी। बारिश का पानी रोकने को मेड़ बाँधी। कचरे से खाद बनाई।
पहले साल सिर्फ घास उगी। लोग फिर हँसे।
दूसरे साल उसने नीम, पीपल, आम के पौधे लगाए।
तीसरे साल उन पेड़ों के नीचे सब्जी की क्यारियाँ बनीं।
5 साल बाद वही “बंजर टुकड़ा” बदल गया।
एक तरफ फलदार पेड़, दूसरी तरफ हरी सब्जी, बीच में बच्चों के लिए छोटा सा मैदान। कुएँ का पानी भी वापस आ गया।
अब गाँव वाले उसी टुकड़े को “रमुआ की बगिया” कहते हैं।
स्कूल के बच्चे वहाँ पढ़ने आते हैं। महिलाएँ सब्जी ले जाती हैं। बूढ़े पीपल के नीचे बैठकर भजन गाते हैं।
एक दिन एक साहब जमीन खरीदने आए। बोले – “इस टुकड़े के लाखों दूँगा।”
रमुआ ने मना कर दिया। बोला –
“साहब, ये जमीन नहीं है। ये मेरी मेहनत है, गाँव का साँस है। इसे बेच दूँगा तो खुद को बेच दूँगा।”
आज भी वो टुकड़ा उतना ही छोटा है, पर उसकी कीमत बहुत बड़ी है।
क्योंकि उसने सिखाया – जमीन बंजर नहीं होती, हौसले बंजर होते हैं।
-मंजू सरावगी ‘मंजरी’
रायपुर (छत्तीसगढ़)
