माँ की अलमारी साफ करते हुए रमेश को एक बंद लिफाफा मिला।
ऊपर लिखा था – रमेश के लिए, जब वो समझदार हो जाए।
लिफाफा पुराना था, कोनों से पीला पड़ चुका था। पिताजी को गुज़रे पाँच साल हो गए थे।
रमेश की उंगलियाँ कांप रही थीं। अंदर क्या होगा? वसीयत? कोई राज? कोई नाराजगी?
उसने लिफाफा पलटा। वजन से लग रहा था अंदर एक ही कागज है।
पत्नी ने कहा – खोलो ना।
रमेश ने लिफाफा दो बार खोला और बंद कर दिया। फिर अलमारी में वापस रख दिया।
“क्यों?” पत्नी ने पूछा।
रमेश मुस्कुराया, “पिताजी ने पूरी जिंदगी में मुझे कभी कोई चिट्ठी नहीं लिखी। डांटा, समझाया, पर कभी लिखा नहीं। ये एक लिफाफा है जो अभी भी उनका है। खोल दिया तो ये भी खत्म हो जाएगा।”
“जब तक ये बंद है, तब तक लगता है पिताजी ने अभी भी मुझसे कुछ कहना बाकी रखा है। और जब तक कहने को कुछ बाकी है, तब तक वो कहीं गए ही नहीं।”
वो लिफाफा आज भी उसकी किताबों के बीच बंद रखा है।
-मंजू सरावगी मंजरी
रायपुर (छत्तीसगढ़)
