गुप्त संदेश भेजने की पुरानी व्यवस्था में घर का कोई नौकर, कबूतर, बाज और घोड़े आदि का सहारा बंद होकर तार और फिर डाक व्यवस्था में अंतर्देशीय पत्र और पोस्टकार्ड की बारी आई, जो 1990 दशक तक चली।
आज तो मोबाईल/दूरभाष का जमाना है।
सेकेण्डों में सूचनाओं का आदान प्रदान हो जाता है।
पर मैं उस बंद लिफाफा की बात बता रहा हूँ ।
एक व्यापारी परिवार लंबे समय से आपसी बंटवारे को लेकर रोज के रोज घर में विवादों का पिटारा खोलकर हल्ला मचाते रहते थे।
परिवार में सबसे समझदार व्यापारी धनीराम जी थे।
वो संयम से चल रहे थे तथा अपने दो और भाईयों को समय आने पर बंटवारा कर देने की बात कहते मगर दोनों भाई संपत्ति के बंटवारे के लिए जिद्द कर बैठे थे।
धनीराम के पिता बाबूलाल प्रसाद ने शीशे का ग्लास फैक्ट्री लगाकर आगे बढ़ा दिया था।
तीन अलग अलग शहर और तीन फैक्ट्रियां।
धनीराम की देख रेख में तीनों फैक्ट्रियां मुनाफा दे रहीं थीं।
सभी सुख मय जीवन जी रहे थे कि धनीराम के परिवार में किसी की जैसे बुरी नजर पड़ गई और परिवार विखराव की स्थिति में आ गया।
जब कलह हद से ज्यादा होने लगा तो धनीराम राम ने अपने खानदानी वकील रामपाल जी को घर बुलाया।
वकील के घर आने पर धनीराम ने दोनों भाईयों को भी बुलाकर पास बैठाया।
अपने भाईयों के समक्ष ही धनीराम ने वकील से कहा।
वकील साहब!
हमारे भाईयों को संपत्ति में बंटवारा चाहिए।
वकील साहब!
आपको तो मालूम है कि हमारे पास जो भी संपत्तियाँ हैं वो फैक्ट्री के रूप में हैं।
तीन शहर मकान और फैक्ट्रियां!
पिता की अर्जित संपत्ति को कैसे बांटा जाए?
आप हमारे खानदानी वकील हैं।
आप ही रास्ता निकालिए।
वकील साहब ने एक पुरानी फाईल निकाली।
फाईल से एक मुहर बंद लिफाफा भी निकाले।
वकील ने धनीराम से कहा।
आपके पिताजी जब जीवित थे तो मुझसे एक वसीयत लिखवाई थी।
वही वसीयत इस लिफाफे के अंदर है।
आप सब कहें तो आप सबके सामने यह लिफाफा खोलूँ।
तीनों भाईयों ने एक साथ कहा!
खोलिए!
देखें तो!
पिताजी ने वसीयत में क्या लिखा है?
वकील साहब ने लिफाफा खोला और वसीयत का मजमून पढ़कर सुना दिया।
पिता बाबूलाल प्रसाद ने प्रत्येक बेटे के नाम एक एक शहर और एक एक फैक्ट्री/मकान कर रखा था।
तीनों बेटों की ऑंखों से ऑंसू निकल पड़े तथा श्रद्धा भाव से अपने स्व0 पिता को प्रणाम करने लगे।
बंद लिफाफा का रहस्य खुला और फिर तीनों भाई आपस में गले मिलकर व्यापार को और गति देने की कसमें खाईं।।
-अजय पाण्डेय ‘बेबस’
