पुराने संदूक को साफ करते हुए नील को एक बंद लिफाफा मिला। लिफाफे पर उसका नाम लिखा था और नीचे एक छोटी-सी पंक्ति—“जो सामने कह नहीं पाया, शायद यह कह दे।”
नील कुछ पल उसे देखता रहा। यह उसके पिता की लिखावट थी, जिन्हें गुजरे हुए कई वर्ष हो चुके थे।पिता के साथ उसका रिश्ता हमेशा कुछ अधूरा ही रहा था। दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे, लेकिन कह नहीं पाते थे। पिता की चुप्पी नील को बेरुखी लगती और नील की दूरी पिता को उसकी नाराज़गी।उसने धीरे से लिफाफा खोला।अंदर एक बिल्कुल खाली कागज था।नील हैरान रह गया।कागज को उलट-पलटकर देखा। कुछ नहीं लिखा था।
तभी उसे लिफाफे के पीछे पेंसिल से लिखी एक धुंधली पंक्ति दिखाई दी—“बहुत कुछ कहना था… पर तुम्हारे सामने आते ही शब्द खत्म हो जाते थे।”
नील देर तक उस खाली कागज को देखता रहा।
आज उसे पहली बार समझ आया कि पिता का मौन शायद भावनाओं का अभाव नहीं, बल्कि उन्हें व्यक्त न कर पाने की विवशता था।
उसने खाली कागज को सीने से लगा लिया।
सोचा—
अगर उस समय उसने भी अपनी शिकायतों के बजाय एक बार पिता से खुल कर बात की होती ,तो क्या यह लिफाफा आज भी खाली रहता?
निष्कर्ष : अपने दिल में किसी गलतफहमी को जगह देने से पहले ,बात करें,शायद परिणाम आपकी सोच से बेहतर हो जाए ।
-सोनम लड़ीवाला
जयपुर (राजस्थान)
