दिए ईश ने पंख पंछी को,
मुक्त उसे सदा रहने दो!
बंधन में जो रखा है उसको,
फिर तुम ही एहसास करो।
खुला जो बंधन धोखे से एक दिन,
पंछी मुक्त हो जाएगा।
अपने पंखों की ताकत से,
दूर कहीं उड़ जाएगा।
डाल से लेकर आसमान उसका,
सदियों से सभी ने देखा है।
वह पंछी उन्मुक्त गगन का,
स्वच्छंद रहना चाहता है।
है स्नेह सभी से सदा उसको,
सुंदर प्रकृति में देखो तुम।
उनके कलरव से दिवस है हॅंसता,
हर आंगन में देखो तुम।
पंछी जगत को खुशियां देता,
यह बात सदा सच मानो तुम!!
-सीता गुप्ता
दुर्ग (छत्तीसगढ़)
