बांध कर मुझे तुम
अपने इशारे पर नचाओगे!
सुनो
मेरे उन्मुक्त मन को तुम, कभी बांध ना पाओगे!
मेरे तन पर डाल बेड़ियां , खुद को कितना गिराओगे?
माना देह मेरी नाज़ुक कंचन सी,
पर आत्मबल मेरा भी प्रबल है,
आत्मसम्मान का गौरव देख हतप्रभ रह जाओगे!
आयेगा एक दिन वो भी, जब सारे बंधन निष्क्रिय होंगे,
अनन्त आसमान में स्वछंद उड़ती,वही मेरा घर भी होगा!
आंका कमतर मुझे तुमने,
हरदम ही डोर खुद के हाथ रखी!
ये खेल भी बदल जायेगा,
बंधी रस्सियों के संग ही मैं,
उड़ कर दिखाऊंगी!
भय और बंधन विहीन जीवन मेरा अपना होगा।
-नमिता दुबे मिशा
