बचपन की बेफ़िक्री का,
वह भी क्या जमाना था।
कागज़ की कश्ती थी अपनी,
बारिश से भी याराना था॥
गुड़िया-गुड्डे की शादी थी,
कंचों का भी खजाना था।
उस जिंदगी का अपना ही,
अलग ही अफ़साना था॥
उस बेफ़िक्री के जीवन में,
मन एक आज़ाद सा पंछी था।
उड़ती पतंगों सा सच्चा वो,
आनंद का परिचय था॥
मिट्टी की वो खुशबू थी,
हर आँगन इक ठिकाना था।
न कोई चिंता कल की थी,
न सपनों का ताना-बाना था॥
वो दीवाना सा बचपन था,
हर उत्सव जैसे तराना था।
चाँद को छूने का सपना,
हर आँखों का बहाना था॥
छोटी-छोटी बातों में बस,
कहकहों का खज़ाना था।
यारों की यारी में जीना,
हर पल ही सुहाना था॥
कुछ इस तरह बचपन में,
बेफ़िक्री से नाता पुराना था।
वो जीवन सच में स्वर्ग-सा,
भोला और बेगाना था॥
-डॉ संगीता बिंदल

1 कमेंट
बेहतरीन 👌