माया मोह डसे हैं मन को।
सुख की चाह सभी के तन को।।
मैं औ मेरा की अभिलाषा।
घोर कलुष की है ये भाषा।।
बनाओ सारे बिगड़े काम।
बसों मन मोरे सीताराम।।
परहित भाव जगे मन मोरे।
पुण्य करूँ मैं भी तो थोरे।।
याचक को भी कुछ दे जाऊँ।
ऐसी कृपा आपकी पाऊँ।।
सहज ही ऐसा कर लूँ काम।
बसो मन मोरे सीताराम।।
अंतर-मन मंदिर हो जाये।
कृपा आपकी ऐसी आये।।
शबरी जैसी पूर्ण प्रतीक्षा।
मेरी भी पूरी हो इच्छा।।
रचा दो ऐसा ही नव-धाम।
बसो मन मोरे सीताराम।।
जैसी कृपा करी भगवन्ता।
धन्य हुये तब ही हनुमंता।।
हर्षित अवधपुरी नर-नारी।
महिमा जानू सभी तुम्हारी।।
रटूँ मैं तुमको आठों याम।
बसो मन मोरे सीताराम।।
दूर करो सब दुर्गुण मेरे।
पड़ा द्वार पर आकर तेरे।।
हाथ रखो सिर पर तुम स्वामी।
मैं ठहरा मूरख खल कामी।।
दयानिधि अब लो मुझको थाम।
बसो मन मोरे सीताराम।।
-राज किशोर वाजपेयी “अभय”
ग्वालियर
