क्यों भँवर में उतारा मुझे
कब मिलेगा किनारा मुझे
रेत ही रेत है हर क़दम
जब नदी ने पुकारा मुझे
मछलियाँ भी समुन्दर की सब
क्यों समझती है चारा मुझे
सबके लहजे में शक्कर भरी
क्यों नमक का गरारा मुझे
प्यार भी बेवफा हो गया
घाव देकर करारा मुझे
ले चला मौत ही की तरफ
ज़िन्दगी का इशारा मुझे
रूठ जाए अगर देवता
कौन देगा सहारा मुझे
-दिनकर राव दिनकर
