भरोसा है नहीं अब ज़िन्दगी का
करे कब फैसला वो खुदकुशी का
फकत जुमले है उस्तादी जुबाँ पर
तजुर्बा है किसे अब शायरी का
कहाँ किस्मत में अपने चाँदनी है
निगोड़ा चाँद भी होगा किसी का
वफा के नाम पर है बेवफाई
तो बेड़ागर्क होगा आशिकी का
जो बुझती भी नहीं गंगा के जल से
करूँ क्या मैं तुम्हारी तिश्नगी का
मुहब्बत का महल इक ताज़ यारों
तमाशा है कहीं दिवानगी का
मुझे आदत नहीं सच बोलने की
सहारा भी तो दो कुछ मयकशी का
कहाँ तक साथ दिनकर दे किसी को
भरोसा खुद नहीं जब रौशनी का
-दिनकर राव दिनकर
