भटकता रहता है यहाँ वहाँ,
इसको भी एक ठौर चाहिए,
मन को भी एक घर चाहिए।
सिर्फ प्यार हो वहाँ,
अपनापन हो,
दिखावट नहीं,
सच्चा हितैषी चाहिए,
मन को भी एक घर चाहिए।
ईंट-पत्थर का नहीं
दीवारों का नहीं
एक सुकून भरा एहसास चाहिए,
मन को भी एक घर चाहिए
एक ऐसा घर
जहाँ डर दस्तक न दे
जहाँ थकान को आराम मिले
जहाँ सवालों को जवाब न देना पड़े
मन को भी एक घर चाहिए
जहाँ वो बिना बोले समझा जाए
जहाँ रोना कमजोरी न लगे,
जहाँ हँसी में हिसाब न हो,
जहाँ न कोई ख्वाब हो,
मन को भी एक ऐसा घर चाहिए।
हमने शरीर के लिए
बड़े-बड़े घर बना लिए
पर मन आज भी
फुटपाथ पर बैठा है
कभी माँ की गोद में
उसे घर मिलता था
कभी भजन के एक सुर में
कभी किसी अपने की
बस एक “मैं हूँ ना” में
मन को महल नहीं चाहिए
बस एक कोना चाहिए,
मन को भी एक घर चाहिए।
जहाँ वो खुद हो सके
बिना किसी नकाब के,
हर बात खास हो
हर याद का न परिहास हो,
राज को छिपाने में साथ हो,
अंधेरा नहीं, रोशनी साथ चाहिए।
मन को भी एक घर चाहिए
वो घर शायद तुम्हारे भीतर ही है
सिर्फ उसकी खोज चाहिए,
ऐसा हमसफ़र चाहिए
ढूँढो मन को आशियाना चाहिए
मन को भी एक घर चाहिए।
-मंजू सरावगी मंजरी
रायपुर (छत्तीसगढ़)
