विस्तृत आकाश
और भीतर सिमटा मन,
पाँवों में अनगिनत राहें,
आँखों में ठहरा थकान का वन।
शब्दों की ओट में
मौन बुनती हूँ,
बीते समय की धूल में
अपने पदचिह्न चुनती हूँ।
कभी लहरों पर लिखती हूँ
अपने होने का प्रमाण,
कभी भँवर की तह में
खो देती हूँ अपनी पहचान।
तभी भीतर से उठती है
एक धीमी-सी पुकार,
मन को भी घर चाहिए,
जहाँ न हो स्वयं से तकरार।
जहाँ आँसू बीज बनें,
मौन जड़ों-सा गहरा हो,
जहाँ दुनिया से लौटकर
खुद का होना ही बसेरा हो।
अब दूर क्षितिज नहीं खोजती,
अपने भीतर दीप धरती हूँ,
बिखरे हुए स्वयं को समेटकर
खुद में ही घर करती हूँ…!
-डॉ. प्रीति समकित सुराना
