मनुज देह धर प्रभु को भूला, भूल गया चौरासी फेरा।
नित संसारी भ्रम में डूबा,मन में है माया का डेरा।।
इत्त-उत्त डोले चंचल चितवन, अंध मोह में तपती काया।
चले भ्रमित पथ झूठी नगरी, धन – दौलत का ढ़ेर लगाया।।
स्वर्णमृगा छल जग मारिच सम,त्रिविध ताप है चहुँदिश घेरा।
नित संसारी भ्रम में डूबा, मन में है माया का डेरा।।
रूप मेनका ध्यान भंग कर, योग तपस्या को भरमाए।
मोह पूतना जन्म – मरण तक पुनि – पुनि लौटे कर्ज बढ़ाए।।
मुक्ति – युक्ति सत भक्ति कर्म ही ,ईश प्रेम जीवन शुभ तेरा।
नितसंसारी भ्रम में डूबा, मन में है माया का डेरा।।
अहंकार की छोड़ पोटली, तन तंबूरा गाता है ।
साँसों की वीणा थमते ही, तेरा – मेरा रह जाता है।।
काम – क्रोध मद सदा अँधेरा, प्रभु शरना उद्धारक तेरा।।
नित संसारी भ्रम में डूबा, मन में है माया का डेरा।।
-अमिता रवि दुबे
छत्तीसगढ़
