एक बीज को मिट्टी में रख
किसान ने पूछा चुपचाप,
“डरेगा तो नहीं तू अंधेरे से,
होगा तो नहीं कोई संताप?”
“यह धरती है ठंडी, गहरी,
अकेली रातें होंगी भारी,
कहीं घुट तो नहीं जाएगा तू,
बिन रोशनी, बिन उजियारी?”
“मैं जल दूंगा तुझको समय-समय,
तेरे हाल भी पूछूंगा मैं,
मगर बता दे तू नन्हे बीज,
तुझे फिर कैसे पहचानूंगा मैं ?”
बीज मुस्कुराकर ,बोला
स्वर था मधुर रस से भरा
“ये धरती मेरी माँ है प्यारी,
मैं उसकी गोद में हूं सवेरा।
भला माँ की गोद में सिमटकर,
सोने से डर किसे लगेगा?
जहाँ हर पीड़ा, हर चिंता,
माँ का आँचल ढक लेगा।
अंधेरे में भी उजाला है,
माँ की ममता का, स्नेह भरा,
मैं जन्म लूंगा इसी धरा में,
बनकर हरियाली की धारा।”
-रीति झा
