मित्र—
केवल संबोधन नहीं,
आत्मा के आँगन में
सदैव जलता वह दीपक है,
जो समय की तीव्रतम आँधियों में भी
अपनी लौ का विश्वास नहीं खोता।
जब जीवन की धूप
पग-पग पर तपन बन उतरती है,
जब स्मृतियों के वृक्ष से
उम्मीद के पत्ते झरने लगते हैं,
तभी किसी शांत सरिता-सा
वह हृदय के तट पर उतर आता है…
बिना आहट, बिना आग्रह।
मित्र वह है
जो मौन की भाषा पढ़ लेता है,
आँखों में ठहरे हुए प्रश्नों का
उत्तर बन जाता है।
जिसे अश्रुओं का परिचय देने की आवश्यकता नहीं,
जो मुस्कानों के पीछे छिपे हुए दर्द को भी
सहज ही पहचान लेता है।
मित्र जीवन की वीणा का
सबसे मधुर स्वर है,
संघर्षों की धूल में
खिलता हुआ विश्वास का कमल है।
वह थके हुए पथिक के लिए
बरगद की शीतल छाया है,
और अंधकार से जूझती रात्रि में
दूर कहीं टिमटिमाता ध्रुवतारा।
समय की नदी
कितने ही तट बदल दे,
ऋतुएँ अपने रंग बदलती रहें,
किन्तु सच्ची मित्रता का आकाश
स्नेह के सूरज से सदैव आलोकित रहता है।
उसमें न अपेक्षाओं के बादल होते हैं,
न स्वार्थ की धूल..,
वहाँ केवल अपनत्व की वर्षा होती है।
भाग्य सभी को परिचित देता है,
पर मित्र विरले ही देता है।
यह संबंध रक्त से नहीं,
हृदय की पवित्र संवेदनाओं से जन्म लेता है।
इसीलिए इसकी जड़ें
समय की मिट्टी में नहीं,
विश्वास की धरती में उतरती हैं।
आओ,
हम ऐसे मित्र बनें
जो किसी टूटते हुए मन में
आशा का प्रथम दीप जला सकें,
किसी निराश आँख में
स्वप्न का उजास भर सकें,
और इस संसार को
थोड़ा अधिक मानवीय,
थोड़ा अधिक करुणामय,
थोड़ा अधिक प्रेममय बना सकें।
क्योंकि मित्रता
जीवन की सबसे सुंदर उपलब्धि नहीं,
उसकी सबसे पवित्र अनुभूति है।
एक ऐसा अमर गीत है “ऐ दविंदर”,
जो समय के पार भी
हृदयों में गूँजता रहता है।
-डाॅ.दविंदर कौर होरा
