हम नहीं जानते क़िस्मत का इरादा क्या है।
अपनी मुठ्ठी में मुक़द्दर ने छुपाया क्या है।
है यही वक्त कि अब बैठ के सोचें हम भी।
हमने क्या खो के तेरी ओर से पाया क्या है।
कोई तो आ के इशारे में बता दे मुझको।
इम्तहानों का मेरे यार नतीजा क्या है।
ये मुझे कौन बताएगा बता दे तू ही।
मेरी आंखों से तेरे रूप का रिश्ता क्या है।
ये मुझे कौन मिटाता है मेरा ही हो कर।
मेरे अंदर ये हर इक रोज़ बिखरता क्या है।
है यही वक्त के जी ले तू ज़रा सा खुल कर।
तेरी सांसों का तू ही सोच भरोसा क्या है।
मेरे बारे में कहा करते हैं दुश्मन मेरे।
ये जो “कमलेश” है ये ख़ुद को समझता क्या है।
-कमलेश श्रीवास्तव
