मेघों ने पाती लिख, भेजा स्नेह भरे संदेश का
रिमझिम बूंदें कहती हैं आया मौसम प्रेम का।
उमड घुमड कजरारे बादल
मस्त हवा के संग झूमते।
शीतल मंद समीरण बहता
तरुओं के संग लुकते छिपते।
भींगा धरती का अंतर्मन भींगे इस परिवेश का
रिमझिम बूंदें कहती हैं आया मौसम प्रेम का।
हरियाली के अंकुर फूटे
मंद पवन के शीतल झोंके।
पात पात किसलय के फूले
झुकी डालियाँ नम हो होके।
बरसों बाद लौटा है पाहुन फिर कोई परदेश का
रिमझिम बूंदें कहती हैं आया मौसम प्रेम का।………..
-पद्मा मिश्रा
जमशेदपुर
