लौटा मेरा बचपन

नन्हें नन्हें कोमल मृदुल पाँव से
लौटा मेरा बचपन नन्हें गाँव से ।

मन अब भी अटका पर मेरा
नदी नाव की माया में ।
सती मात के टीले की ,
बरगद वाली छाया में ।
नींदें अब भी खुलती मेरी
कौओं की काँव काँव से ।

सुबह सुबह घट्टी की घड़ घड़
धान फटकता सुपडा ।
खपरैलों से उठता धुँआ
कहीं नहीं है दुखड़ा ।
नोन मिर्च संग रोटी खबती
देखो कितने चाव से ।

पनघट पर चूड़ी की खन खन
गाती गीत प्रभाती ।
दूध दुहाती गैया के संग
बछिया खूब रंभाती ।
पशु पक्षी सब चारा खाते
पीते पानी हलाव से ।

करके कलेवा चल निकले हैं
खेत जोतने हाली ।
थोड़े दिन के बाद दिखेगी
सोने जैसी बाली ।
चेहरे पर आएगी खुशियाँ
बिके धान के भाव से ।

शादी -ब्याह तीज़ -तिवार सब
खेती के आधारे ।
प्रकृति और प्रभु की किरपा
के आगे सब हारे ।
मान मनौवल सब ले लेंगे
हम तो भक्ति भाव से ।

खोज रहा हूँ कहाँ बचा है
मेरे बचपन का गांव ।
प्रकृति से जुड़ा रहता था
जिसका इक इक ठांव ।
नुचे लूटे हुए हैं अब सब
शहरीपन के घाव से ।

-हृदयेश भारद्वाज

एक उत्तर छोड़ें

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।
संपर्क करें
antrashabdshakti @gmail.com
Call- 9009423393
WhatsApp-9009465259
antrashabtshakti.com

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x