धूप सुनहरी माँग रहा है
रामभरोसे आज
नदी चढ़ी है, सागर गहरा
पार उसे ही करना
सोच रहा वह नैया छोटी
और धार पर तिरना
छोटे-छोटे चप्पू मेरे
साहस-धीरज-लाज
खून-पसीना बो-बोकर वह
फसलें नई उगाए
तोता-मैना की बातों से
उसका मन घबराए
चिड़ियाँ चहकें डाल-डाल पर
करें पेड़ पर राज
घड़ियालों का अपना घर है
उनको भी तो जीना
पानी तो है सबका जीवन
जल की मीन-नगीना
पंख सभी के छुएँ शिखर को
प्रभु दे, वह परवाज़
-अवनीश सिंह चौहान
