हे माँ वीणापाणि!
मुझे ऐसे शब्द मत देना
जो केवल
बुद्धि को चमत्कृत करें।
मुझे ऐसे शब्द देना
जो थके हुए हृदय पर
शीतल छाया बनकर उतरें।
मुझे ऐसी भाषा मत देना
जिस पर लोग मुग्ध हो जाएँ,
मुझे ऐसा भाव देना
जिसमें लोग
स्वयं को पहचान सकें।
मेरी कविता
यदि नदी बने,
तो केवल बहे नहीं
प्यास भी बुझाए।
यदि दीप बने,
तो केवल जले नहीं
किसी पथिक को
घर तक पहुँचाए।
यदि पुष्प बने,
तो केवल महके नहीं
किसी उदास मन में
वसंत जगा दे।
और यदि
मेरा एक भी शब्द
किसी टूटे हुए विश्वास को
फिर से जीना सिखा दे,
तो समझूँगी
मेरी लेखनी पर
माँ शारदे का स्पर्श
बना हुआ है।
क्योंकि
शब्दों का सबसे बड़ा वैभव
उनकी चमक नहीं,
उनकी करुणा है।
और करुणा ही
वाणी का
सर्वोच्च अलंकार है।
-डॉ. रागिनी स्वर्णकार
