कैसे वंदन करें तुम्हारा राम ,आज हम,
कैसे हम उल्लास विजय का पर्व मनाएं?
आज देश के घर-आँगन में, भटक रही कितनी सीताएं,
मर्यादा के बंध टूटते,टूट गईं सारी सीमाएं
कैसे अर्चन करें तुम्हारा राम आज हम,
जब सिसक रहीं घर घर में कितनी अभिलाषाएं.
कैसे हम उल्लास ,विजय का पर्व मनाएं?
रावण की प्रतिमूर्ति दहन कर क्या पाते हम?
क्या सचमुच रावण जलता है अनय कलुष का?
अपमानित है आज अहिंसा जिस धरती पर,
खंडित है अस्तित्व वहां आदर्श मनुज का.
कैसे वंदन करें तुम्हारा राम आज हम ,
जब बनी सिया की सेज,चिता की ज्वलित शिखाएं.
कैसे हम उल्लास विजय का पर्व मनाएं?.
अब भी जीवित है रावण आतंक, अनय का,
हर घर में पलती अब भी लंका नगरी,
सीता सी दे रही परिक्षा आज बेटियाँ,
मुस्काती अत्याचारों की काल निशिचरी
कैसे पूजन करें तुम्हारा राम आज हम,
जब सत्य हो रहा आज पराजित,दूषित हैं क्यों वेद ऋचाएं
कैसे हम उल्लास विजय का पर्व मनाएं?
-पद्मा मिश्रा
