हे राम!!, यह घुटनों का दर्द तो मेरी जान लेकर ही जाएगा। अम्माजी घुटनों पर हाथ रखे कराहते हुए बड़बड़ा रही थी। दर्द की एक तीखी सी लहर उनके चेहरे पर साफ नजर आ रही थी ।कई दिन से दवाई खत्म है ,पर किस से कहें ?,
वैसे बेटा विपुल भी उनकी दवाइयों जरूरतों का ख्याल रखना या उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछना कभी नहीं भूलता था । बहू को सख्त हिदायतें देकर ऑफिस जाता शायद बहू अपर्णा ही मंगाना भूल जाती थी। किसी नौकर को कहकर भूल गई होगी।बेचारा नौकर, किचन संभाले ,सब्जियां लाए ,लान की सफाई करें या दवाईयां लाए। मांजी बहू के गुस्से से बहुत डरती थी जब वह नाराज हो जाती तो घर में खाना नहीं बनाती थी खुद तो बेटी को लेकर कहीं बाहर खा आती और नौकरों को भी रुपए देकर बाहर भेज देते पर विपुल के सामने यूं दिखावा करती जैसे उसने पूरे दिन भर कुछ नहीं खाया है अम्मा जी उसके बचपने पर मन ही मन हंस पड़ती थी पर अम्मा जी की भूख ही हमेशा घर में कलह का कारण बन जाती है। मिर्च मसाले उन्हें पचते नहीं थे -दो रोटियां दाल और सूखी रोटी सब्जी ही तो खाती थी लेकिन बहू वह भी आसानी से उन्हें दे नहीं पाती थी जब यह दोनों सपरिवार कहीं बाहर से खा कर लौटते तो अम्मा जी को हमेशा भूल जाते थे । जब वह कहती’ बहू भूख लगी है ,थोड़ा सा कुछ भी दे दो तो बहू गुस्से से भुनभुनाती ‘ तुम्हारी मां को कितनी भूख लगती है ?बिल्कुल सुरसा की तरह, कि कभी शांत ही नहीं होती ।उसका स्वर भी इतना ऊंचा होता कि अम्मा जी के कानों में पड़ ही जाता और वह मन मसोस कर रह जाती।और नौकर जल्दबाजी में बनाई गई दो रोटियां, पनियल,दाल परोस जाता।वह,समझ जाती की सुबह की दाल में पानी डालकर गर्म कर दिया गया है लेकिन पेट की ज्वाला इतनी प्रबल होती है कभी-कभी तो वह मान अपमान भी नहीं देखती जब अपने हाथ पैर चलते थे तो वे दौड़ दौड़ कर सारे काम करती थी और तरह-तरह के पकवान बनाकर सबको खिलाती और खुश होती थी इधर 5 वर्षों से घुटनों के दर्द और बाएं अंग में लकवा मार जाने के बाद से चलने फिरने में असमर्थ हो गई थी।
पिछली रात को बेटा बहू किसी पार्टी में गए थे सपरिवार तो बेटे ने हीं अम्मा जी के खाने के लिए पूछा था बहू बोली थी “निश्चिंत रहें लौटकर बना दूंगी “जब वे लौटे तो देर हो चुकी थी ,बेटे के बार बार टोकने पर सुबह के बचे भात में पानी डालकर कुकर में गर्म कर दिया था,अचार के साथ अम्मा जी को खाना देकर बड़बड़ाती हुई लौट गई थी कि एक दिन चावल ही का लेंगी तो मर नहीं जाएंगी !
अम्मा जी की आंखों में आसूं आ गए थे रात को चावल उन्होंने कभी नहीं खाए क्योंकि उससे घुटनों का दर्द बढ़ जाता है । तभी बेटा कमरे में आ गया ‘खाना खा लिया अम्मा? और थाली में रखा भात देखकर चौंक गया चावल ?वह भी रात में ,,आपको तो पचता नहीं। तुरंत अपर्णा को आवाज लगाई “”अम्मा जी को चावल क्यो दिए? तुमने तो कहा था कि रोटियां बना दूंगी।
रोटियां बना दूंगी ‘बहू अपने कमरे से ही चिल्लई,,बनाई तो थी लेकिन टामी को देदी, बेचारा भूखा था। आज उसकी तबीयत भी ठीक नहीं है।बेटा कभी मां को देखता कभी भात की थाली को ,तो क्या मेरी मां कुत्ते से भी गई गुजरी है ?उसकी आंखों से आंसू बह निकले, मां बेटा दोनों एक दूसरे को मौन,बस देखे जा रहे थे मां बेटे की बेबसी को और बेटा मां के निरीह चेहरे पर उभर आए दया और करुणा के भावों को।वह मन ही मन क्षमा प्रार्थी हो उठा,,क्षमा करना मां, तुम्हारे दिए संस्कारों ने कर्तव्य पथ पर चलना सिखाकर व्यस्त कर दिया कि तुम्हारे प्रति ही अपना कर्तव्य भूल बैठा !
थोड़ी देर बाद अम्मा जी बेटे हाथों की अनगढ़ गरमा गरम रोटियां अपार तृप्ति के साथ खा रही थी ।बेटा दौड़ दौड़ दौड़ कर कभी परवल की उबली सब्जी परोसता तो कभी पानी का गिलास भर देता था,वह व्यस्त हो उठा था उस मां के लिए जो गरमागरम खाना खिलाते ,प्यार से पकवन परोसते समय आत्मविमुग्ध हो उठती थी ।आज उसी मां की भूख शांत कर बेटा मानो अपने वैभव ऐश्वर्य, रुतबे से कहीं बढ़कर संतोष, तृप्ति एवं ममत्व का खजाना पा गया था,आज उसे मां की भूख का रहस्य समझ में आ गया था । वह समझ गया था कि यह मां की भूख नहीं थी बल्कि समय के मेले में खो गए अपनेपन की तलाश थी या वर्षों पुरानी वेदना का दर्द आंखोंमें छलक आया था।।
-पद्मा मिश्रा
जमशेदपुर (झारखंड)
