बेटी की शादी का कार्ड बंट गया।
माँ तीन दिन से एक ही साड़ी में है। वही साड़ी जो बेटी ने पिछले साल जन्मदिन पर दी थी। उसने निकाल कर नहीं रखी, पहन कर रखी है।
लोग आ रहे हैं, जा रहे हैं।
“बहन जी, बड़ी खुशी का मौका है!”
माँ हँसती है। हाँ, बहुत खुशी का।
रात को सब चले गए। बेटी कमरे में सो रही है। कल मेहंदी है। उसके हाथ अभी खाली हैं।
माँ धीरे से उसके पास बैठी। उसके खाली हाथों को देखा। फिर अपना हाथ उसकी हथेली पर रखा।
और फूट-फूट कर रो पड़ी।
बिना आवाज़ के। ताकि बेटी जाग न जाए।
बेटी ने आँखें नहीं खोलीं। उसकी पलकें गीली थीं।
दोनों को पता था –
एक को छोड़ने की वेदना है,
दूसरे को छोड़ कर जाने की।
और दोनों इस वेदना को खुशी कह रही हैं,
क्योंकि दुनिया यही सुनना चाहती है।
-मंजू सरावगी ‘मंजरी’
रायपुर (छत्तीसगढ़)
