गाँव के किनारे एक बरगद का पेड़ था। उसकी जड़ों के पास एक बूढ़ा पत्थर पड़ा था।
पहले उस पत्थर पर गाँव के बच्चे बैठकर कंचे खेलते थे। हँसी-ठिठोली, शोर-शराबा। समय बीता।
बच्चे बड़े हुए। वही बच्चे अब उसी पत्थर पर बैठकर नौकरी, शादी और खेती की बातें करने लगे। पत्थर चुपचाप सुनता रहा।
और समय फिर घूमा।
अब वही लोग बूढ़े हो गए। अब वे उसी पत्थर पर बैठकर अपने पोतों को कहानियाँ सुनाते। “यहाँ हम कंचे खेलते थे बेटा”। पोते हँसते, और भागकर फिर से कंचे खेलने लगते।
एक दिन बूढ़े ने पोते से पूछा – “थकता नहीं है ये पत्थर?”
पोता बोला – “दादू, पत्थर नहीं थकता। थकता तो समय है। पर देखो, वो फिर से नया हो जाता है।”
बूढ़ा मुस्कुराया। उसे समझ आ गया।
समय किसी के लिए रुकता नहीं, पर सबको एक ही जगह लाकर खड़ा कर देता है।
जहाँ बचपन खत्म होता है, वहीं से फिर शुरू भी होता है। यही समय का चक्र है।
-मंजू सरावगी मंजरी
रायपुर (छत्तीसगढ़)
