चोर केवल दंड से बचना नहीं चाहता। वह अपमान से भी बचना चाहता है। वह दंड से उतना नहीं डरता, जितना कि अपमान से
– मुंशी प्रेमचंद
हिंदी और उर्दू के लोकप्रिय साहित्यकार उपन्यासकार, कहानीकार *मुंशी प्रेमचंद की लेखनी मेरे लिए सदा से ही मेरी आदर्श रही है। आरंभ में मुंशी प्रेमचंद उर्दू पत्रिका जमाना में नवाब राय के नाम से लिखते थे।
उनकी हर किताब अपने आप में एक बेशकीमती रत्न है,जो हिंदी साहित्य की पुस्तकों के बीच अपनी एक अलग ही पहचान रखती है।हर किताब आम जनमानस से जुड़ी हुई प्रतीत होती है,जो सीधे व्यक्ति के मन-मस्तिष्क तक पहुंचती है, वह चाहे गोदान,कफन वरदान,प्रतिज्ञा कोई भी क्यों न हो और इसी क्रम में उनकी किताब है *सवा सेर गेहूं व अन्य कहानियाँ।जो एक साझा संकलन है।इसमें है बारह कहानियाँ- सवा सेर गेहूं, प्रेरणा, सद्गति, तकादा, ढपोरशंख दरोगा जी, आगा- पीछा, प्रेम का उदय, सती, मृतक भोज, समस्या एवं दो सखियाँ। सभी कहानियां जिंदगी की सत्यता एवं उतार-चढ़ाव को दर्शाती हुई;;; इसमें सवा सेर गेहूं कहानी ने मुझे बहुत अधिक प्रभावित किया। अंदर तक झिंझोड़ कर रख दिया।
यह कहानी एक सत्य घटना पर आधारित है। इसमें उन्होंने ऐसे महात्मा के बारे में बताया ,जो खानदानी रईसों के महलों में पूजा-पाठ उनकी हवादार गाड़ियों में देवस्थान भ्रमण और छप्पन भोग का स्वाद ग्रहण करते हैं,और वे यदि किसी गरीब की कुटिया पर पहुंच जाएं तो उस गरीब का क्या हश्र होता है ।
शंकर एक सीधा-साधा गरीब, दुनिया के छल प्रपंच से दूर, इतना संतोषी कभी-कभी तो पानी पीकर और राम का नाम लेकर सो जाता और एक शाम ऐसे ही महात्मा उसके द्वार पर पधारे। घर में केवल जौ का आटा,जो उन्हें कैसे खिलाता।सो थोड़ा सा आटा उधार लेने की आस में गांव में निकल पड़ा।आटा तो नहीं मिला किंतु राह में विप्र जी मिल गए,जिनको साल में दो बार खलिहानी दिया करता था।सो उन्हीं से सवा सेर गेहूं उधार ले लिया। घर आकर स्त्री से आटा पिसवाकर महात्मा जी को भोजन कराया। महात्मा जी भी रात्रि विश्राम कर सुबह चले गये और फिर उस सवा सेर गेहूं के बदले शंकर का क्या हश्र हुआ;;;;;
और कहानी शुरू होती है,महात्मा जी के जाने के बाद।शंकर ने सोचा सवा सेर गेहूं विप्र जी को क्या दूं।खलिहानी देते समय पंसेरी बदले से ऊपर कुछ दे दूंगा और उस पंसेरी के डेढ़ पसेरी गेहूं विप्र जी को दे भी दिए और अपने आप को ऋण से मुक्त समझ कर शंकर ने कोई चर्चा न की और न ही विप्र जी ने भी मांगा,किंतु शंकर को क्या पता था कि उसे उस गेंहू को चुकाने के लिए दूसरा जन्म लेना पड़ेगा।
सात साल बाद अचानक विप्र जी ने शंकर को राह में रोककर कहा तेरे साढ़े पांच मन गेहूं उधार हैं, उन्होंने किस प्रकार भोले-भाले शंकर को कर्मकांड संबंधी बातों में उलझा कर डरा दिया कि तुम्हें नरक में जाना पड़ेगा। और उस गेहूं के ₹60 दाम लगाकर,उसके दस्तावेज बनाए गए ।तीन रुपए सैकड़े सूद भी लिखा गया। शंकर ने साल भर एक समय भोजन किया रात को रोटियां केवल पुत्र के लिए ही बचाई जाती। पूरे एक साल में ₹60 भी जमा हो गए,किन्तु ₹15 ब्याज;;;;;
शंकर ने सोचा इतना तो विप्र जी माफ कर देंगे,किंतु विप्र जी कहां मानने वाले थे और अब शंकर का सारा संयम निराशा में बदल गया।
मुंशी प्रेमचंद जी ने कितना सटीक लिखा है कि आशा ही उत्साह की जननी है,आशा में तेज है,बल है, जीवन है ।शंकर को तो अब मेहनत से ही चिढ़ हो गई। *आखिर कपड़ों में भी चकत्तियों के लगने की भी सीमा होती है ।वह नशे की ओर उन्मुख हो गया।विप्र जी भी आज के साहूकार जैसे चतुर शिकारी।तीन साल तक कोई तकाजा नहीं किया और एक दिन अचानक शंकर को बुलाया ₹60 गेंहू वाले दस्तावेज दिखाये जो उसके कटने के बाद भी अब बढ़कर ₹120 के हो गये और आज फिर शंकर जीवन भर का गुलाम बन गया ।उसने जीवन भर की गुलामी स्वीकार कर ली। विप्र जी ने कहा कि आज से तू और तेरे बाद तेरा बेटा। बीस वर्षों की गुलामी के बाद शंकर ने संसार से विदा ली, किंतु ₹120 तो अभी भी उसके सिर पर सवार थे और आज अब *विप्र जी ने उसके बेटे की गर्दन पकड़ ली;;;;;
वास्तव में आज भी इस समय में ऐसी कई घटनाये अपने समाज में ही,अपने आसपास देखने को मिल जायेंगी। ऐसा लगता है यह कहानी मुंशी प्रेमचंद ने आज ही लिखी हो।।
आज मैं अपनी लेखनी द्वारा मुंशी प्रेमचंद जी को शत-शत नमन करती हूं।।
-साधना छिरोल्या
दमोह(म.प्र.)
