नवरात्रि के पावन पर्व पर, बस मन में ये फरियाद रहे।
सत्कर्म करूँ मैं खुश होके,सिर माँ का आशीर्वाद रहे।।
हृदय में दया का दीप जले, वाणी में मधुरिम प्यार रहे।
दुखियों के आँसू पोंछ सकूँ,मन सेवा भाव सत्कार रहे।
भूखे को भोजन दे पाऊँ, मन में बस यही विचार रहे।
रूठे, रिश्तों को मना सकूँ, इस दिल में शिष्टाचार रहे।।
हर कर्म मेरा शुभ हो माता, मन में भक्ति का नाद रहे।
सत्कर्म करूँ मैं खुश होके,सिर माँ का आशीर्वाद रहे।।
धन से बढ़के नित धर्म रहे, मन में अच्छे जज़्बात रहें।
मैं दुख में सबके साथ रहूँ, चाहे कैसे हालात रहें।
गिरतों को माँ मैं थाम सकूँ,बस इतनी सी औकात रहे।
मैं मानवता का मान रखूँ, सिर प्रेम भाव बरसात रहे।।
हर प्राणी से माँ प्रेम करूँ, अच्छे सब से संवाद रहे।
सत्कर्म करूँ मैं खुश होके,सिर माँ का आशीर्वाद रहे।।
सच के साथ माँ खड़ा रहूँ, विश्वास कभी भी टूटे ना।
अन्यायों से लड़ सकूँ सदा, साहब से नाता छूटे ना।
सबसे मिल आदर भाव रहूँ, कोई भी मुझसे रूठे ना।
मन गगरी प्रेम की भरी रहे, विश्वास घाट से फूटे ना।।
जीवन में सच्चाई चमके, मन बन निर्मल आबाद रहे।
सत्कर्म करूँ मैं खुश होके,सिर माँ का आशीर्वाद रहे।।
जीवन सांझ जब ढलने लगे,हृदय न कोई पछताव रहे।
मेरे कारण किसी हृदय में,दुख का न कभी ठहराव रहे।
मैं चलूँ बाँटता प्रेम – सुमन, मन मंदिर में सद्भाव रहे।
संग सबको ले चलता रहूँ, बढ़ता मंजिल को पाव रहे।।
उड़ुँ गगन मगन होकर नभ में,उर बंधन से आजाद रहे।
सत्कर्म करूँ मैं खुश होके,सिर माँ का आशीर्वाद रहे।।
-नफे सिंह योगी मालड़ा
महेंद्रगढ़ (हरियाणा)
