सिलबट्टा जी, सिलबट्टा,
सबका प्यारा सिलबट्टा।
घिस-घिस, सर-सर चलता जाए,
झटपट काम निपटाता।
मम्मी जब मसाला पीसें,
महके सारा घर-द्वारा।
हरी-हरी धनिया की चटनी,
लगे सभी को प्यारी-न्यारी।
लाल मिर्च हो या हो हल्दी,
अदरक, लहसुन, जीरा।
सबको अपने संग मिलाकर,
बन जाए स्वाद नगीना।
घिस-घिस करके गीत सुनाए,
मेहनत का संदेश।
जो मेहनत से काम है करता,
पाता वही विशेष।
बिजली रूठे, क्या घबराना,
यह तो साथ निभाता।
दादी-नानी का यह साथी,
सबके मन को भाता।
आओ मिलकर इसे सँभालें,
इसका मान बढ़ाएँ।
अपनी प्यारी धरोहर को,
हँसते-हँसते अपनाएँ।
-डॉ. प्रीति समकित सुराना
