हर कारज में दाग़ लगा ही देते हैं
भला करो तो लोग बुराई देते हैं
इस दुनिया में ऐसे भी हैं लोग जिन्हें
बस औरों के दोष दिखाई देते हैं
झूठे लोगों को सच साबित करने में
दुनियाभर के लोग गवाही देते हैं
कितने हैं, जो मात-पिता के हाथों में
कमा – कमा कर, पाई – पाई देते हैं
अब तो इस दुनिया का ऐसा आलम है
वक्त पड़े तो साथ न भाई देते हैं
घर के अक्सर आनाकानी करते हैं
बाहर वाले साथ निभा ही देते हैं।
-रवीन्द्र रवि
