हर ठहराव में एक नई राह है
कुछ देर ठहरकर आगे बढ़ो,
सोच विचार कर सीढ़ी चढ़ो
हर ठहराव में एक नई राह है
ऊंचाइयां नापने की चाह है।
ठहरना पैमाना नहीं हार का
यह विजय का खुला द्वार हैं।
सूर्य प्रातः काल उदित होकर
रश्मियों का प्रकाश फैलाता,
प्रकृति में शक्ति संचार कर
संध्या बेला में विश्राम पाता।
पुनः ऊर्जावान होकर दिन में
अन्न, जल, वनस्पतियों को
पुष्ट करने की सामर्थ्य जुटा
परहित करते नही थकता।
ठहराव उसकी हार नहीं
जीत का अद्भुत उपहार है।
रात्रि विश्राम के बाद जगत
के सभी प्राणी उत्साहित हो
अपने कर्म क्षेत्र में डटे रह
विकास की राहों में हर्षित
चेतना के साथ गतिमान है।
ठहराव मे एक नई राह है
ऊंचाइयों की अपनी चाह है।
-चंद्रकांता अग्रवाल