हर विदाई अंत नहीं होती,
सच तो यह है कि कोई भी विदाई अंत नहीं होती।
हर विदाई एक नए जीवन की शुरुआत होती है।
पतझड़ का मौसम आते ही पेड़ों के पत्ते झर जाते,
उनके झरते ही वृक्षों पर नये पात फिर खिल जाते।
गिरे हुए पत्तों का यह कोई अंत नहीं था।
इनके गिरते ही पौधों में आई फिर तरुणाई।
विविध- विविध रंग के फूलों से वसुन्धरा मुस्काई।
अलग- अलग फूलों ने अपनी मादकता बिखराई।
तुमने सोचा होगा कि अब अंत हो गया इनका,
किन्तु कभी भी हर विदाई अंत नहीं होती।
हर विदाई होती है सदा नये जीवन की शुरूआत।
हर मौसम का अंत है नये मौसम की शुरुआत।
नश्वर है यह देह, अंत भी इसका निश्चित,
किन्तु अमर है आत्मा, यह भी सत्य शाश्वत।
इक दिन इस शरीर का अंत भी अवश्य होगा।
यह केवल देह का विदाई है, सत्य जान लो।
सृष्टि का निर्माण अंत का शाश्वत क्रम है।
जो आया है,वो जायेगा,यही नियम है।
बडे बड़े संतों ने हमको यही बात बतलाई
अंत न समझो, किसी अंत की होती नहीं विदाई।
सूरज ने रोजाना हमको यही बात समझाई
है काम मेरा चलते रहना,
मैं हरदम चलता रहता हूँ।
हर रोज शाम को ढलता हूँ,
हर सुबह मैं सदा निकलता हूँ।
मैं फिर दोबारा आऊँगा,
सूरज सबको यह बता गया।
सतरंगी रंगों से जग के…
सपनों को सुन्दर बना गया।
जो दशा वृक्ष की देख रहे,
वो जीवन चक्र जगत का है।
जो आया है वो जाएगा,
क्रम आगत और विगत का है।
सूखे पत्तों को झड़ना है,
नूतन किसलय खिल जाना है।
जीवन तो नाम इसी का है,
कुछ खोकर ही कुछ पाना है।
-राधा गोयल
दिल्ली
